बारफ्लैक्स पॉलीफिल्म्स ने फ्लैट लिस्टिंग से निवेशकों को किया निराश, लिस्ट होते ही अपर सर्किट पर पहुंचे शेयर

0
423

नई दिल्ली, 20 जनवरी (हि.स.)। फ्लैक्सिबल पैकेजिंग मैटेरियल्स बनाने वाली कंपनी बारफ्लैक्स पॉलीफिल्म्स के शेयरों ने आज फ्लैट लिस्टिंग से अपने आईपीओ निवेशकों को निराश कर दिया। हालांकि लिस्टिंग के थोड़ी देर बाद ही खरीदारी के सपोर्ट से ये शेयर अपर सर्किट लेवल पर पहुंच गया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 60 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग बिना किसी बदलाव के 60 रुपये के स्तर पर ही हुई। हालांकि लिस्टिंग के बाद शेयरों की जोरदार खरीदारी हुई, जिससे थोड़ी ही देर में ये उछल कर 63 रुपये के अपर सर्किट लेवल पर पहुंच गया।

बारफ्लैक्स पॉलीफिल्म्स का 39.42 करोड़ रुपये का आईपीओ 10 से 15 जनवरी के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से जोरदार रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 151.52 गुना सब्सक्राइब हो गया था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 78.22 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 373.12 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 98.48 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 12.32 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए गए हैं। इसके अलावा 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 45,16,875 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बेचे गए हैं। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अतिरिक्त प्लांट और मशीनरी की खरीदारी करने तथा आम कॉर्पोरेट उद्देश्यों में करेगी।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी को 7.94 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। ये मुनाफा अगले वित्त वर्ष 2022-23 में उछल कर 10.13 करोड़ रुपये और 2023-24 में बढ़ कर 16.12 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इन वर्षों में कंपनी का राजस्व 11 प्रतिशत वार्षिक की चक्रवृद्धि दर से बढ़ कर 116.12 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष की बात करें, तो अप्रैल से लेकर नवंबर 2024 के बीच कंपनी को 13.49 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका है। इस अवधि में कंपनी 78.02 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त कर चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here