नोएडा में लिफ्ट देकर लूट करने वाला गैंग गिरफ्तार, पुलिस ने पांच बदमाश दबोचे

0
142

नोएडा पुलिस ने लूटपाट करने वाले गैंग का किया खुलासा

Noida के थाना सूरजपुर पुलिस ने देर रात राहगीरों और टैक्सी चालकों को लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अंकित सिंह, दीपांशु, तरुण ठाकुर, मोहित राजपूत और नवाब भाटी उर्फ संदीप भाटी के रूप में हुई है। इनमें कुछ आरोपी उन्नाव, बुलंदशहर और नोएडा के रहने वाले हैं।

छह महीने से कर रहे थे वारदात

डीसीपी सेंट्रल नोएडा Shailendra Kumar Singh ने बताया कि आरोपी पिछले छह महीने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय थे। वे देर रात लोगों को लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाते थे और फिर मारपीट कर मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लेते थे।

टैक्सी चालकों को भी बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक आरोपी सड़क पर जानबूझकर लापरवाही से वाहन चलाते थे। यदि कोई विरोध करता था तो उसे रोककर उसके साथ मारपीट और लूटपाट की जाती थी।

16 मई को आरोपितों ने ईटा-1 क्षेत्र में एक टैक्सी चालक से मारपीट कर मोबाइल फोन, पांच हजार रुपये नकद और कार की चाबी लूट ली थी। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह तक पहुंच मिली।

पुलिस ने बरामद किए हथियार और कारें

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन, दो कारें, चार हजार रुपये नकद, तमंचे, कारतूस और चाकू बरामद किए हैं। वारदातों के लिए आरोपी किराये पर गाड़ियां लेते थे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल वेन्यू और थार कार भी जब्त की है।

कई मामलों में पहले से दर्ज हैं केस

पुलिस के अनुसार मोहित राजपूत पर दादरी और सूरजपुर थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं नवाब, अंकित, तरुण और दीपांशु के खिलाफ भी लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज बताए गए हैं।

अन्य आरोपितों की तलाश जारी

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here