कैथल में दर्दनाक घटना: कपिल मुनि सरोवर में कूदीं दो सगी बहनें, दोनों की मौत

0
154

कपिल मुनि सरोवर में कूदकर दो बहनों ने दी जान

हरियाणा के कैथल जिले के कलायत क्षेत्र में मंगलवार सुबह बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। प्राचीन कपिल मुनि मंदिर के सरोवर में कूदकर दो सगी बहनों ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मामूली कहासुनी के बाद उठाया खौफनाक कदम

मृतक बहनों की पहचान 21 वर्षीय पलक और 19 वर्षीय परमजीत के रूप में हुई है। दोनों रेलवे रोड स्थित सीता नगर की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह घर में किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों बहनें सुबह करीब पांच बजे घर से निकल गईं।

सीसीटीवी में दिखीं बहनें

कपिल मुनि मंदिर के पुजारी संजय गौतम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों लड़कियों को सरोवर की ओर जाते देखा। शक होने पर तुरंत स्थानीय लोगों और प्रशासन को सूचना दी गई।

दो घंटे चला रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलते ही श्री कपिल मुनि तीर्थ कमेटी के सदस्य और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों बहनों को अचेत अवस्था में सरोवर से बाहर निकाला गया।

उन्हें पहले कलायत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुभाष चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

परिवार में पसरा मातम

मृतक बहनों के पिता रविंद्र कुमार प्राइवेट टैक्सी चालक हैं। परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here