अररिया में लापता छात्र का शव मिलने से सनसनी
Araria जिले में दो दिनों से लापता 10वीं कक्षा के छात्र विशाल कुमार का शव बुधवार को मजलिशपुर पंचायत के कुजरी बेलबाड़ी गांव स्थित बांस की झाड़ी से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
हत्या कर शव फेंकने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि छात्र की हत्या करने के बाद शव को बांस की झाड़ी में फेंका गया। मृतक उच्च माध्यमिक विद्यालय करोड़ दिघली में 10वीं कक्षा का छात्र था।
दो दोस्तों को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस ने मामले में मृतक के दो दोस्तों को हिरासत में लिया है। एसपी जितेंद्र कुमार के अनुसार सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों से पूछताछ की जा रही है।
मोबाइल गेम बना हत्या की वजह!
पुलिस जांच में सामने आया है कि विशाल और उसके दोस्त ऑनलाइन मोबाइल गेम खेलते थे, जिसमें पैसों का लेनदेन डॉलर के रूप में किया जाता था। इसी पैसे के विवाद में हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।
फिरौती कॉल ने बढ़ाई थी चिंता
मृतक की मां ममता देवी ने बताया कि 18 मई को स्कूल से लौटने के बाद विशाल अचानक गायब हो गया था। खोजबीन के दौरान परिवार को दो लाख रुपये की फिरौती के लिए फोन भी आया था। इसके बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई थी।
हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया तेज धारदार दबिया भी बरामद कर लिया है। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।



