सांवलियाजी जा रही श्रद्धालुओं की बस हादसे का शिकार
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सांवलियाजी मंदिर जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस भादसोड़ा थाना क्षेत्र में पलट गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
बागुंड गांव के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार यह हादसा चित्तौड़गढ़-उदयपुर सिक्सलेन पर बागुंड गांव के पास हुआ। बस चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर सांवलियाजी मंदिर के लिए रवाना हुई थी।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से भादसोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।
एक श्रद्धालु की मौत, कई गंभीर घायल
भादसोड़ा अस्पताल में डॉक्टरों ने हरीसिंह नामक श्रद्धालु को मृत घोषित कर दिया। वहीं करीब पांच श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह?
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि सुबह का समय होने के कारण चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
विद्युत पोल और लोहे की रेलिंग से टकराई बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस पहले विद्युत पोल और फिर हाईवे किनारे लगी लोहे की मजबूत रेलिंग से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग टूट गई और बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
भादसोड़ा थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।



