भाजपा विधायक से साइबर ठगी का मामला सामने आया
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का इस्तेमाल कर 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
फर्जी पीए बनकर किया फोन
जानकारी के अनुसार आरोपित ने विधायक को फोन कर खुद को भाजपा नेता का निजी सहायक बताया। विश्वास जीतने के लिए उसने उड़िया भाषा में बातचीत की।
डीजल के नाम पर मांगे पैसे
ठग ने कहा कि गाड़ी में डीजल डलवाने के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है। इसके बाद विधायक के करीबी सेवक नारायण मिश्रा ने बताए गए खाते में दो बार में कुल 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
दोबारा पैसे मांगने पर हुआ शक
कुछ समय बाद आरोपित ने फिर पैसों की मांग की। लगातार रकम मांगने पर संदेह हुआ और जब पुष्टि की गई तो पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति फर्जी था।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मामले की शिकायत खम्हारडीह थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर सेल कर रही जांच
रायपुर पुलिस की साइबर सेल मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल खंगाल रही है। पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति की पहचान और जानकारी की पुष्टि किए बिना ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें।



