गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा
उत्तर प्रदेश के Raebareli में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सलोन कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव के पास नोएडा से जौनपुर जा रही एक स्कॉर्पियो ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे सभी
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग नोएडा से जौनपुर के सुजानगंज थाना क्षेत्र स्थित सीलमपुर गांव जा रहे थे। वहां उन्हें पारिवारिक रामायण कार्यक्रम में शामिल होना था। रास्ते में गंगा एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हो गया।
तीन की मौत, पांच घायल
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सभी को प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने समृद्धि (11), सरोज (35) और संगीता (22) को मृत घोषित कर दिया।
वहीं समर्थ (4), नीरज सिंह (45), प्रतिमा सिंह (35), गुरुचरण सिंह (48) और सविता सिंह (40) गंभीर रूप से घायल पाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए एम्स रायबरेली रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
सलोन कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



