तालाब में नहाने कूदा युवक, डूबने से मौत
Noida के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित सादुल्लापुर गांव में मंगलवार रात एक युवक तालाब में डूब गया। युवक नहाने के लिए तालाब में कूदा था, लेकिन पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस, गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम देर रात से शव की तलाश में जुटी हुई है।
मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा युवक
थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह के अनुसार मृतक की पहचान हरियाणा के पलवल निवासी 32 वर्षीय कैलाश के रूप में हुई है। वह सादुल्लापुर गांव में अपनी बुआ के यहां आया हुआ था। पुलिस जांच में पता चला है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
कपड़े उतारकर तालाब में कूद गया
पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात कैलाश गांव के तालाब के किनारे पहुंचा और अपने कपड़े उतारकर पानी में कूद गया। कुछ देर बाद जब वह बाहर नहीं आया तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
एनडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर विभाग, गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह भी तालाब में युवक के शव की तलाश जारी रही।



