धनबाद में गोली मारकर बाइक लूट का दावा, पुलिस जांच में कहानी पर उठे सवाल

0
116
Oplus_16908288

धनबाद में गोली मारकर बाइक लूट का दावा

धनबाद के तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक युवक को गोली मारकर बाइक लूटने की सूचना से हड़कंप मच गया। घायल युवक को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

युवक के पैर में लगी दो गोलियां

घायल युवक की पहचान रवि बख्श राय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। रवि ने दावा किया कि वह अपने मित्र दिवाकर सिंह के साथ पल्सर एनएस बाइक से देवघर जा रहा था। इसी दौरान कुछ अपराधियों ने उसे रोककर गोली मारी और बाइक लूटकर फरार हो गए।

जांच में सामने आईं कई विसंगतियां

मामले की जांच के लिए अस्पताल पहुंचे बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कई सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस को कथित घटनास्थल पर न तो खून के निशान मिले और न ही गोली के खोखे बरामद हुए। इसके अलावा घायल और उसके साथी के बयानों में भी विरोधाभास पाया गया।

बोकारो के दुग्दा क्षेत्र से जुड़ सकता है मामला

पुलिस को आशंका है कि गोलीबारी की घटना तोपचांची में नहीं बल्कि बोकारो जिले के दुग्दा थाना क्षेत्र में हुई हो सकती है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि मामला कोयला खनन से जुड़े वर्चस्व विवाद से संबंधित हो सकता है।

पुलिस करेगी वास्तविक घटनास्थल की जांच

एसडीपीओ के अनुसार पुलिस टीम दुग्दा क्षेत्र जाकर संभावित घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक के साथ वास्तव में बाइक लूट की घटना हुई थी या किसी अन्य कारण से गोलीबारी हुई।

पुलिस ने कही यह बात

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की वास्तविकता सामने आने का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here