ग्वालियरः दिव्यांगों के लिए रोजगार कार्यालय में आज विशेष प्लेसमेंट ड्राइव

0
233

ग्वालियर, 30 जनवरी (हि.स.)। जिला रोजगार कार्यालय में आज (गुरुवार को) खासतौर पर दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिये प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें “गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड” मालनपुर द्वारा दिव्यांग युवक-युवतियों की टाईम कीपर व मशीन ऑपरेटर पद पर भर्ती की जायेगी। निजी कंपनी में नौकरी करने के इच्छुक दिव्यांग अभ्यर्थी अपनी समग्र आईडी, रोजगार पंजीयन क्रमांक एवं शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण-पत्र व बायोडाटा के साथ उपस्थित होकर इस प्लेसमेंट ड्राइव में भाग ले सकते हैं।

रोजगार उप संचालक पवन कुमार भिमटे ने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय मुरैना लिंक रोड पर गदाईपुरा स्थित रेडीमेड गारमेंट पार्क परिसर में संचालित है। यहीं पर प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन होगा। टाईम कीपर पद की भर्ती में बीकॉम, बीबीए व एमबीए योग्यताधारी 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थी को 25 से 30 हजार रुपये मासिक वेतन (स्टायपेड) देय होगा और कार्य स्थल तक के लिये बस सुविधा एवं कैन्टीन सुविधा भी उपलब्ध होगी।

इसी तरह मशीन ऑपरेटर के लिये आईटीआई या डिप्लोमाधारी 18 से 40 वर्ष के दिव्यांग युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थी को 16 से 20 हजार रुपये मासिक वेतन (स्टायपेड) मिलेगा। साथ ही बस व कैन्टीन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जायेगी। प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल होने के लिये युवाओं को समग्र आईडी, रोजगार पंजीयन क्रमांक, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण-पत्र व बायोडाटा के साथ उपस्थित होना होगा। रोजगार मेले में उपस्थित होने वाले युवक-युवतियों के लिये कार्यालय द्वारा कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here