महाकुंभ में महंत राममुनि को महामंडलेश्वर की उपाधि

0
354

हरिद्वार, 31 जनवरी (हि.स.)। महाकुंभ के पावन अवसर पर श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण की छावनी में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें संत मंडल आश्रम, हरिद्वार के पीठाधीश्वर महंत राममुनि महाराज को महामंडलेश्वर की उपाधि प्रदान की गई। अखाड़े के पंच परमेश्वर और देशभर से आए संत-महापुरुषों की उपस्थिति में चादरपोशी कर उन्हें महामंडलेश्वर घोषित किया गया।

विदित हो कि महामंडलेश्वर बने महंत राम मुनि हरिद्वार से दो बार विधायक रहे, जाे आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश मुनि के शिष्य हैं। राम जन्मभूमि आंदोलन में अग्रणी भूमिका में रहे स्वामी जगदीश मुनि को बाबरी ढांचे के ध्वंस में भी आरोपी बनाया गया था।

मुखिया महंत दुर्गादास, श्री महंत महेश्वर दास, महामंडलेश्वर स्वामी कपिल मुनि, महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश और महामंडलेश्वर स्वामी हरि चेतनानंद महाराज ने स्वामी राममुनि महाराज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन समाज के लिए प्रेरणादायक होगा और उनके कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक होंगे।

नवनियुक्त महामंडलेश्वर स्वामी राममुनि महाराज ने संत समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपाधि उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे वे पूरी निष्ठा और गरिमा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं संत महापुरुषों द्वारा दिए गए आशीर्वाद और सम्मान का सदैव ऋणी रहूंगा और सनातन धर्म की सेवा में अपना जीवन समर्पित करूंगा।

इस अवसर पर अनेक संत-महापुरुष और श्रद्धालु उपस्थित रहे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here