बीएचईएल हरिद्वार को महाराष्ट्र से मिला 2 गुणा 660 मेगावाट की कोराडी थर्मल पावर स्टेशन बनाने का आर्डर

0
565

हरिद्वार, 13 फ़रवरी (हि.स.)। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) को महाराष्ट्र के नागपुर जिले में 2 गुणा 660 मेगावाट कोराडी सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर स्टेशन (यूनिट 11 और 12) की स्थापना के लिए एक बड़ा ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर महाजेनको ने बीएचईएल को दिया गया है।

यह जानकारी देते हुए गुरुवार को बीएचईएल हरिद्वार के संचार एवं जनसंपर्क प्रमुख संजय पंवार ने बताया कि बीएचईएल के कार्यक्षेत्र में मुख्य संयंत्र पैकेज (बॉयलर, टरबाइन और जनरेटर) और संबंधित सहायक उपकरणों के साथ-साथ सभी आवश्यक विद्युत, सिविल और संरचनात्मक कार्यों के डिजाइन, इंजीनियरिंग, विनिर्माण, आपूर्ति, इरेक्शन, परीक्षण और कमीशनिंग शामिल है। कंपनी के कार्यक्षेत्र में उन्नत, उच्च-दक्षता वाले उत्सर्जन नियंत्रण उपकरणों की आपूर्ति भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि बीएचईएल निर्मित विद्युत उत्पादक इक्विपमेंट महाराष्ट्र की महाजेनको की कुल स्थापित कोयला-आधारित उत्पादन क्षमता में 75फीसदी से अधिक का योगदान करते हैं और कंपनी वर्तमान में महाजेनको की 660 मेगावाट भुसावल परियोजना को भी निष्पादित कर रही है।

उल्लेखनीय है कि भारत के अग्रणी बिजली उपकरण निर्माता के रूप में देशभर में 1.70 लाख मेगावाट से अधिक यूटिलिटी विद्युत क्षमता स्थापित करने का ट्रैक रिकॉर्ड है। बीएचईएल भारत की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने और पावर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के देश के लक्ष्य को प्राप्त करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here