सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत

0
525

भरतपुर, 17 फ़रवरी (हि.स.)। डीग जिले के कुम्हेर थाना इलाके में डीग-भरतपुर रोड पर बीती रात खेत की रखवाली के लिए जा रहे 14 और 16 साल के दो सगे भाइयों को अज्ञात वाहन रौंद गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घर से खेत की दूरी महज डेढ़ किलोमीटर थी। दोनों लड़के कुम्हेर के बैलारा गांव के रहने वाले थे।

गांव के पूर्व सरपंच सुरेश ने बताया कि बैलारा गांव निवासी पप्पू सिंह के दो बेटे हर्ष (16) और बॉबी (14) फसल की रखवाली करने के लिए रात में पैदल खेत की तरफ निकले थे। घर से खेत की दूरी कम है। होम्स कैनाल के पास उनके खेत हैं।

दोनों लड़के भरतपुर-डीग रोड पर बाबुला गांव के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। रात में ही बाबुला गांव के कुछ लोग घटनास्थल से निकल रहे थे। उन्होंने सड़क पर हर्ष और बॉबी को पड़ा देखा। वे उन्हें जानते थे। उन्होंने दोनों को कुम्हेर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद घटना की सूचना दोनों के पिता पप्पू सिंह को दी। इसके बाद दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। दोनों भाई भरतपुर के सोनी एकेडमी स्कूल में 10 वीं और 12 वीं के छात्र थे। दोनों की एक साथ मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। पूरे शहर में शोक है।

कुम्हेर थाना इंचार्ज जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पूर्व सरपंच सुरेश ने पुलिस को घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों को कुम्हेर हॉस्पिटल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को माेर्चरी में रखवाया। सोमवार सुबह दोनों युवकों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए डीग कुम्हेर रोड के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here