भू-कानून को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट और पूर्व सीएम निशंक ने बताया ऐतिहासिक

0
460

देहरादून, 19 फरवरी (हि.स.)। कैबिनेट के भू-कानून संशोधन विधेयक की मंजूरी के फैसले पर खुशी जताते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह ठोस कदम राज्य के भू संसाधनों और मूल स्वरूप के संरक्षण को लेकर सरकार और संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने इसे ऐतिहासिक फैसला करार दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा राज्य निर्माण से लेकर उसके चौमुखी विकास के प्रति कटिबद्ध रही है। प्रदेश की संस्कृति और उसके मूल स्वरूप को बरकरार रखना सर्वाेपरी है। उसमें भी राज्य के सीमित भू-संपदा और संसाधनों के संरक्षण को लेकर हमारी सरकारें हमेशा प्रयासरत रही हैं। जनसामान्य की भावना और प्रदेश की जरूरत समझते हुए भाजपा ने विधानसभा चुनावों में कठोर भू कानून लाने का संकल्प लिया था, जिसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार में आते ही इस मुद्दे पर उच्चस्तरीय कमेटी का गठन की तमाम रिपोर्ट के बाद भू-कानून कैबिनेट में मंजूर करवाया। उन्होंने विपक्ष के सभी विधायकों से अपील की कि सदन के अंदर उनके पास इस मुद्दे को लेकर सकारात्मक चर्चा करने का अवसर हैं। लिहाजा बाहर राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय उन्हें अपने ठोस तथ्यों और उचित तर्कों के साथ चर्चा में शामिल होना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई देने के साथ ही आभार व्यक्त किया। डॉ. निशंक ने कहा कि, “उत्तराखंड की जनता की वर्षों पुरानी मांग और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए लिया गया यह निर्णय प्रदेश के स्वाभिमान, संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर की रक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यह केवल एक भू-कानून नहीं, बल्कि हमारी भावी पीढ़ियों के उज्जवल भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here