मौसम में बदलाव के साथ कई शहराें में रात में ठंडक बढ़ी

0
436

जयपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान में मौसम के बदलाव के साथ एक बार फिर से रात में ठंडक बढ़ गई। जयपुर सहित कई शहरों में रात में ठंडक बढ़ गई है। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, नागौर समेत कुछ शहरों में रात का न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। दिन के तापमान में भी गिरावट होने से गर्मी कम हो गई। राज्य में अगले पांच दिन तक मौसम सूखा रहने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 26 फरवरी तक प्रदेश में मौसम ड्राय रहने का अनुमान जताया है। 23-24 फरवरी से प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी होने और दिन में कुछ शहरों में गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। 27 फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अंदेशा है। इससे प्रदेश में बादल छा सकते हैं।

गुजरे 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट हुई। जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, उदयपुर समेत तमाम शहरों में मौसम साफ रहा। जयपुर, सीकर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ में कल उत्तरी हवाओं का प्रभाव रहने से सुबह-शाम हल्की सर्दी रही। दिन में भी मौसम सुहावना रहा।

कल दिन में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। फलोदी में अधिकतम तापमान 30.2, चित्तौड़गढ़ में 30.4, जोधपुर में 29.4, जैसलमेर में 28.8, कोटा में 28.9, भीलवाड़ा में 28.7, अजमेर में 28.2 और जयपुर में 28 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

कल दिन में सबसे ज्यादा ठंडक श्रीगंगानगर में रही, जहां का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस मापा गया। हिल स्टेशन माउंट आबू (सिरोही) में अधिकतम तापमान 22.8, सीकर में 23.2, पिलानी में 26.6 और अलवर में 25 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तरी राजस्थान में दिन में सर्द हवा चलने से तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here