सीडीएस जनरल चौहान चार मार्च से ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर रहेंगे

0
288

– चार दिवसीय यात्रा में सैन्य अधिकारियों के साथ रक्षा सहयोग को लेकर होगी वार्ता

नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान चार मार्च से चार दिवसीय ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। अपनी सात मार्च तक की यात्रा के दौरान सीडीएस ऑस्ट्रेलियाई सैन्य अधिकारियों के साथ रक्षा सहयोग के क्षेत्र में भारत से गहराते संबंधों पर चर्चा करेंगे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान जनरल चौहान ऑस्ट्रेलियाई रक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल के सैन्य नेतृत्व के साथ व्यापक चर्चा करेंगे। इन बैठकों में ऑस्ट्रेलिया के रक्षा बल प्रमुख जनरल एडमिरल डेविड जॉनसन, उनके रक्षा सचिव ग्रेग मोरियार्टी और तीनों सेनाओं के प्रमुख शामिल होंगे। सीडीएस ऑस्ट्रेलिया की परिचालन कमान संरचना की जानकारी हासिल करने और संयुक्त अभियानों के संभावित अवसरों पर चर्चा करने के लिए फोर्स कमांड मुख्यालय का दौरा करेंगे। जनरल चौहान ऑस्ट्रेलियाई फ्लीट कमांडर और ज्वाइंट ऑपरेशन कमांडर के साथ भी बातचीत करेंगे। पेशेवर सैन्य प्रशिक्षण और शिक्षा के लिए भारत की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए सीडीएस ऑस्ट्रेलियाई रक्षा कॉलेज का दौरा करेंगे, जहां वे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक चुनौतियों पर वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करेंगे। सीडीएस ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट में एक गोलमेज चर्चा की अध्यक्षता भी करेंगे। मंत्रालय के अनुसार सीडीएस की यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों को रेखांकित करती है। उनका यह आधिकारिक दौरा व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत राजनयिक और सैन्य सहयोग को मजबूत करने की दिशा में प्रतिबद्धता है। साथ ही यह यात्रा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अधिक सहयोग को बढ़ावा देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here