सहायक आचार्य राजनीति विज्ञान के शेष अभ्यर्थियों के साक्षात्कार आज से

0
414

जयपुर, 10 मार्च (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजि‍त किए जा रहे सहायक आचार्य राजनीति विज्ञान के साक्षात्कार अगले महीने पूरे हो सकते हैं। इस भर्ती के अभी करीब 450 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार होना शेष हैं। ऐसे में इसका परिणाम अगले महीने ही आने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के सरकारी कॉलेजों को राजनीति विज्ञान के 181 सहायक आचार्य मिल सकते हैं। आयोग के मुताबिक अभी चौथा चरण 10 से 21 मार्च तक चलेगा।

आयोग द्वारा सहायक आचार्य राजनीति विज्ञान के 181 पदों पर भर्ती के लिए यह प्रक्रिया जारी है। आयोग ने लिखित परीक्षा का परिणाम नाै दिसंबर को जारी किया था। कुल 1501 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए अस्थायी रूप से चयनित किया गया था। इन सभी के साक्षात्कार के आयोजन करने हैं। आयोग ने इस वर्ष आठ जनवरी को साक्षात्कार की शुरुआत कर दी थी। दो महीने साक्षात्कार चलते हुए हो गए हैं, लेकिन अभी भी पूरे नहीं हुए हैं।

आयोग ने पूर्व में 18 फरवरी को सहायक आचार्य राजनीति विज्ञान के साक्षात्कार का चौथा चरण तीन मार्च से शुरू करने का कार्यक्रम जारी किया था। 21 मार्च तक ये साक्षात्कार चलने थे। फिर दो दिन बाद ही यानी 20 फरवरी को एक आदेश जारी किया और जानकारी दी गई कि तीन मार्च से चौथा चरण स्थगित कर दिया गया है।

अब चौथा चरण 10 मार्च से शुरू होगा। बीच में साक्षात्कार स्थगित करने के कोई कारण आयोग ने जारी नहीं किए थे। आयोग के मुताबिक अभी चौथा चरण 10 से 21 मार्च तक चलेगा। 21 फरवरी को तीसरा चरण पूरा हुआ था।

फिलहाल आयोग दो बोर्ड बनाकर सहायक आचार्य राजनीति विज्ञान के साक्षात्कार करा रहा है। प्रति बोर्ड आठ अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार के लिए कॉल किया जा रहा है। पहले सत्र में 16 और दूसरे सत्र में 16 को मिलाकर कुल 32 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार किए जा रहे हैं। अब आयोग सोमवार से तय करेगा कि चौथे चरण में कितने बोर्ड में साक्षात्कार कराए जाने हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here