जबलपुर: अयोध्या से नागपुर जा रही बस पलटी, 3 यात्रियों की मौत, 25 घायल

0
530

जबलपुर, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। ताजा मामला जबलपुर जिले का है। यहां बरगी थाना क्षेत्र स्थित रमन पुर घाटी पर अयोध्या से नागपुर जा रही यात्री बस अनियंत्रित हाेकर पलट गई। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लाेग घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सिवनी लखनादौन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की है। यात्री अयोध्या में दर्शन करने के बाद रामरथ बस में सवार होकर नागपुर जा रहे थे। इस दाैरान रमन पुर घाटी में पहुंचते ही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से लखनादौन अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दुर्घटना वाहन चालक को झपकी आने के कारण हुई। मृतकों की पहचान हैदराबाद निवासी मलम्मा (45) पत्नी सनथप्पा, नागपुर निवासी शुभम मेश्राम (28) और अमोल खोडे (42) के रूप में हुई है। अधिकारियों ने कहा कि घायलों को लखनादौन और जबलपुर शहर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि, सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। लेकिन, गह निगरानी के लिए उन्हें फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। पुलिस के अनुसार, घायलों में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हैं। फिलहाल, तीनों मृतकों के परिजन को सूचित कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here