फरीदाबाद में चाकुओं से गोदकर की महिला डाक्टर की हत्या

0
284

मृतका के पिता ने पति और देवर पर लगाया हत्या का आरोप

फरीदाबाद, 27 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद में महिला डॉक्टर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दस घंटे तक महिला का शव क्लीनिक के ऊपर कमरे में ही पड़ा रहा। बुधवार रात परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो वहां डॉक्टर का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। घटना बल्लभगढ़ की विष्णु कॉलोनी की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान डॉ. प्रियंका (34) के रूप में हुई है। पूजा ने बताया कि बहन प्रियंका और मेरी शादी एक ही घर में हुई थी। प्रियंका की हत्या उसके पति लख्मी चंद और मेरे पति भगत सिंह ने की है। लख्मी चंद प्रियंका को धमकी दे रहा था। वह उसे कहता था कि एक हत्या करूं या दो, सजा तो उतनी ही मिलेगी। मेरा पति भगत सिंह हरियाणा पुलिस में डायल 112 की गाड़ी का ड्राइवर है। पूजा ने कहा कि प्रियंका को कई दिन से धमकियां मिल रहीं थी। इसकी शिकायत उन्होंने आदर्श नगर थाने में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार सुबह 11 बजे उन्होंने प्रियंका को फोन किया था, लेकिन उसका फोन बंद आ रहा था। परेशान होकर सेक्टर 12 कोर्ट में अपने किसी जानकार के पास पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद डायल 112 की टीम विष्णु नगर में प्रियंका के क्लीनिक पर गई। टीम ने उन्हें बताया कि वहां प्रियंका नहीं है। इसके बाद रात नाै बजे वे खुद क्लीनिक पर पहुंचे। जब वे ऊपर बने कमरे में गए तो बेड के साथ जमीन पर प्रियंका का खून से सना शव पड़ा हुआ था। पूजा ने आरोप लगाया कि प्रियंका की हत्या पूरी योजना के तहत की गई है। हत्या से एक दिन पहले ही प्रियंका की सास और भगत सिंह क्लीनिक पर आए थे। वे दोनों बच्चे नकुल और एकता को अपने साथ ले गए। इसकी शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पूजा ने बताया कि प्रियंका की शादी 2010 में पलवल के भिडुकी गांव निवासी लख्मी चंद से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते वह पिछले 4 साल से बल्लभगढ़ में किराए के मकान में अपना क्लीनिक चला रहीं थी। मेरे पति राम भगत सेक्टर-16 में डायल 112 की गाड़ी पर आउटसोर्स पर ड्राइवर लगा हुआ है। जबकि प्रियंका का पति लख्मी चंद ट्रक चालक है। उधर, थाना आदर्श नगर प्रभारी हरिकिशन का कहना है कि उन्होंने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मृतक को पोस्टमॉर्टम कराने के लिए बादशाह खान अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमॉर्टम आज होगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here