युवती की गोली मारकर हत्या, शव को जलाने का प्रयास

0
530

खूंटी, 12 अप्रैल (हि.स.)। कर्रा थाना के लोधमा ओपी क्षेत्र के मुरहू रेलवे फाटक के पास पार टांड नामक स्थान पर प्लास्टिक की बनी झोपड़ी में एक अज्ञात युवती की माथे पर गोली मारकर और गला रेतकर हत्या करने का मामला शनिवार को प्रकाश में आया है।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताते हुए कहा है कि हत्या के पहले संभवतःदुष्कर्म किया गया होगा और पहचान छिपाने के लिए अपराधियों ने शव को जलाने का प्रयास भी किया। घटना की सूचना मिलने पर कर्रा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। युवती के माथे से गोली आरपार हो गई है। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों ने शव की स्थिति को देखते हुए यह भी संभावना जताई है कि युवती के साथ हत्या से पहले दुष्कर्म किया गया होगा।

फिलहाल पुलिस ने वैज्ञानिक तरीकों और तकनीकी माध्यम से केस का खुलासा करने में जुटी है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

सुनसान स्थान पर दिया गया घटना को अंजाम

घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। यह इलाका काफी सुनसान और जंगल से सटा है, जहां शव मिला है। वह निमाय महतो के खलियान पर प्लास्टिक से बनी झोपड़ी है। इस स्थान से आधा किलोमीटर के दायरे में कोई घर नहीं है।

ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी, लेकिन युवती की पहचान नहीं

घटना के बाद ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पहचान करने पर किसी ने भी युवती की पहचान नहीं की।

इससे यह अंदेशा भी जताया जा रहा है कि मृतका स्थानीय नहीं, बल्कि बाहर की हो सकती है और हत्यारे इलाके से परिचित रहे हों। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया है और युवती की शिनाख्त की कोशिशें जारी हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि मामला प्रेम-प्रसंग से भी जुड़ा हो सकता है।

पांच दिन पहले तोरपा में भी मिला था अधजला शव

उल्लेखनीय है कि आठ अप्रैल को इसी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र के कुल्डा जंगल में भी एक युवती का अधजला शव बरामद किया गया था। अब तक उस युवती की भी पहचान नहीं हो सकी है। लगातार सामने आ रही इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here