मध्‍य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में पारा 44 डिग्री के पार, भोपाल-इंदौर भी तपे

0
535

भोपाल, 19 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। शुक्रवार को कई जिलों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। खजुराहो, गुना और नौगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहीं, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन-जबलपुर समेत 28 शहर ऐसे रहे, जहां सबसे ज्यादा गर्मी रही। मौसम विभाग की मानें तो अगले दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, गर्म हवाओं की वजह से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। सुबह से ही सूरज की तेज धूप चुभने लगती है। दोपहर 12 बजे के बाद गर्मी बढ़ जाती है। इस कारण दिन के साथ रातें भी गर्म हैं। शुक्रवार को छतरपुर जिला सबसे गर्म रहा। यहां के दो शहर खजुराहो और नौगांव में तापमान क्रमश: 44.6 डिग्री और 44 डिग्री दर्ज किया गया। गुना में 44.3 डिग्री रहा। इसी तरह रतलाम, सागर-सीधी में 43.8 डिग्री, दमोह में 43.6 डिग्री, सतना-शाजापुर में 43.1 डिग्री, नर्मदापुरम-रीवा में 42.6 डिग्री, टीकमगढ़ में 42.3 डिग्री, शिवपुरी-रायसेन में 42 डिग्री, मंडला में 42 डिग्री, धार में 41.9 डिग्री, उमरिया में 41.7 डिग्री, खरगोन में 41.4 डिग्री, मलाजखंड में 41 डिग्री, सिवनी में 40.4 डिग्री, बैतूल में 40.2 डिग्री, खंडवा में 40.1 डिग्री और छिंदवाड़ा में तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर भी सीजन के सबसे गर्म रहे। ग्वालियर में सबसे ज्यादा 43 डिग्री, उज्जैन में 42.8 डिग्री, भोपाल में 42.2 डिग्री, जबलपुर में 42.1 डिग्री और इंदौर में तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 28 शहरों में तापमान 40 डिग्री या इससे अधिक रहा। ऐसा सीजन में पहली बार हुआ, जब इतने अधिक शहरों में भीषण गर्मी पड़ी हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here