ट्रक और कार की टक्कर में एक की मौत,चार घायल

0
284

पलामू, 21 अप्रैल (हि.स.)। नेशनल हाईवे 98 पर नावा बाजार थाना क्षेत्र के कंडाघाटी में सोमवार सुबह ब्रेजा कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में कार चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि सवार चार लोग घायल हो गए हैं। इनमें से तीन लोगों को मेदिनीनगर के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। सारे लोग बारात से लौट रहे थे।शव को एमआरएमसीएच में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

घटना के बाद से शादी का माहौल मातम में बदल गया है।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय सत्येंद्र यादव के रूप में हुई है। सत्येंद्र छतरपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ का रहने वाला था, जबकि घायल लोगों में छतरपुर के खोड़ी के रहने वाले मनीष यादव (28), सतीश यादव (22), राजू यादव (23) एवं एक अन्य शामिल हैं। सत्येंद्र यादव गाड़ी चला रहा था।

जानकारी के अनुसार सत्येंद्र यादव चार अन्य रिश्तेदारों के साथ छतरपुर के खोड़ी गांव मामा के घर से ममेरे भाई की बारात में गढ़वा के रमकंडा थाना क्षेत्र के रक्सी गांव में गया था। बारात संपन्न होने के बाद सोमवार सुबह सभी लौट रहे थे। जैसे ही कार कंडाघाटी में पहुंची कि सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद कार सड़क से उतरकर गड्ढे में गिर कर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोग और पुलिस की तत्परता से जख्मी लोगों को कार से निकाला गया और फिर इलाज के लिए एमआरएमसीएच लाया गया। जहां डॉक्टर ने सत्येंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया , जबकि चार लोगों को इलाज के लिए भर्ती किया गया। यहां से तीन लोगों को इलाज के लिए डॉक्टर राहुल अग्रवाल के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। एक जख्मी का कहीं और इलाज चल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here