पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हुए एक कुख्यात अपराधी की मौत

0
424

जम्मू, 22 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हुए एक कुख्यात अपराधी की सरकारी मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि जम्मू से एक पुलिस दल पंजाब पुलिस की मदद से वांछित व्यक्तियों को पकड़ने के लिए पंजाब के अमृतसर स्थित बाबा बटाला गया था। दल ने किकरी मोड़, बड़ी ब्रह्मा निवासी मुस्ताक अली उर्फ राज अली उर्फ बच्चू डॉन और एक अन्य को गिरफ्तार किया। दोनों कई आपराधिक मामलों में वांछित थे। पुलिस ने बताया कि अमृतसर से लौटते समय आरोपित ने शौच जाने के लिए कहा, तो पुलिस ने वाहन रोक लिया। उन्होंने बताया कि आरोपित ने बाहर निकलते ही पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया और पुलिस हिरासत से भागने के लिए उनके सर्विस हथियार छीनने का प्रयास किया। हालांकि, मुस्ताक अली उर्फ बच्चू डॉन सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना के दौरान चार पुलिस कर्मियों को भी मामूली चोटें आईं। घायल मुस्ताक अली को तुरंत इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि सभी आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है और बिश्नाह पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है। हालांकि, पुलिस ने जम्मू के जिला मजिस्ट्रेट से पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों का एक बोर्ड बनाने और मामले की आवश्यक जांच करने का अनुरोध किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here