फतेहाबाद:मई दिवस पर संकल्प सभा आयोजित, 20 की हड़ताल में भाग लेने का ऐलान

0
307

फतेहाबाद, 1 मई (हि.स.)। मई दिवस के अवसर पर गुरूवार को फतेहाबाद नगरपरिषद प्रांगण में संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश तुषामड़ ने की तथा संचालन सर्व कर्मचारी संघ के ब्लाक प्रधान राजपाल मिताथल ने किया। सभा में कर्मचारी, किसान, मजदूर संगठनों के सदस्यों के अलावा अनेक जनसंगठनों के सदस्यों ने भी भाग लिया। संकल्प सभा को संबोधित करते हुए रमेश तुषामड़ ने कहा कि मई दिवस की विरासत को बचाने के लिए व्यापक एकता का निर्माण की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एकता का निर्माण करते हुए अखिल भारतीय कर्मचारी महासंघ व टे्रड यूनियनों के आह्वान पर सभी विभागों के कर्मचारी व मजदूर वर्ग 20 मई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बढ़चढक़र भाग लेगा। संकल्प सभा को संबोधित करते हुए खेत मजदूर यूनियन के महासचिव रामकुमार बहबलपुरिया ने मई दिवस के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत में 8 घंटे के कार्य दिवस और अन्य कई मजदूर हितकारी कानूनों के लिए डॉ. बी.आर.अम्बेडकर को भी याद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लड़ कर हासिल मजदूर अधिकारों का आज छीनने का दौर चल रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया में मजदूर अधिकारों का संघर्ष और भारत में मजदूर अधिकारों के संघर्ष का इतिहास बताता है कि दुनिया भर में मजदूरों ने एक ही तरह से लड़ कर अपने अधिकार हासिल किए हैं, इसलिये आज जो मई दिवस को बाहरी बता रहे हैं, वे मजदूरों की कुर्बानियों के समूचे इतिहास को ही मिटा देना चाहते हैं। आज सत्ता पर काबिज सरकार मजदूरों व कर्मचारियों के पक्षधर नही हैं। सत्ता पर मजदूरों के जायज हकों पर डाका डालने वाले, शोषण करने वाले बाउंसर हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों के कुर्बानियों के इतिहास में दरार पैदा करने की कोशिशों के खिलाफ मजदूरों की एकता के जरिये मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। आज की सकंल्प सभा को सोनू रानी, भागी देवी सीआईटीयू, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान भूप सिंह भड़ोलावाली, समाजसेवी विनोद कक्कड़, शम्मी रति, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के प्रधान रामदास, हरिकिशन लाल कम्बोज सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here