मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुद्ध पूर्णिमा पर दी शुभकामनाएं, बौद्ध विरासत के संरक्षण को बताया सरकार की प्राथमिकता

0
295

कोलकाता, 12 मई (हि. स.)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बंगाल की बौद्ध विरासत को संजोए रखने के लिए राज्य सरकार लगातार सक्रिय है।

ममता बनर्जी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से संदेश साझा करते हुए लिखा, “सभी को बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। बंगाल की बौद्ध विरासत के स्मरण और संरक्षण के लिए हमारी सरकार हमेशा सक्रिय है।”

इस संदेश के ज़रिए मुख्यमंत्री ने बौद्ध धर्म के मूल्यों और शिक्षाओं के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और यह भी स्पष्ट किया कि उनकी सरकार बौद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

दरअसल बुद्ध पूर्णिमा बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए सबसे पवित्र दिन माना जाता है। यही दिन भगवान गौतम बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति (बोधि) और महापरिनिर्वाण से जुड़ा हुआ है। वैशाख महीने की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला यह पर्व शांति, करुणा और सत्य की शिक्षा का प्रतीक है। नालंदा, विक्रमशिला और जगज्जननी बंगाल की धरती भी प्राचीन काल में बौद्ध संस्कृति का एक समृद्ध केंद्र रही है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहले भी बौद्ध मठों और तीर्थ स्थलों के विकास के लिए योजनाएं शुरू कर चुकी हैं, जिनमें बौद्ध सर्किट पर्यटन को बढ़ावा देना शामिल है। उनकी सरकार ने राज्य में बौद्ध समुदाय के त्योहारों को मान्यता देने और सांस्कृतिक आयोजनों को सहयोग देने की दिशा में कई पहलें की हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here