राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने सिक्किम के लोगों को राज्य दिवस पर बधाई दी

0
438

नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सिक्किम के लोगों को उनके राज्य दिवस की शुभकामनाएं दी और राज्य की प्रगति एवं समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना की है।

सिक्किम राज्य दिवस हर साल 16 मई को मनाया जाता है। वर्ष 1975 में आज ही के दिन सिक्किम भारत का 22वां राज्य बना था। यह दिन सिक्किम की राजशाही से भारत के एक राज्य के रूप में परिवर्तन की वर्षगांठ का प्रतीक है, जो एक जनमत संग्रह के बाद हुआ था। इसमें 97.5 प्रतिशत प्रतिभागियों ने राजशाही को समाप्त करने का समर्थन किया था।

राष्ट्रपति ने एक्स पोस्ट में कहा, “सिक्किम के लोगों को राज्य स्थापना दिवस पर हार्दिक बधाई। सिक्किम अपनी असीम प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अपने लोगों की गर्मजोशी के लिए व्यापक रूप से प्रशंसित है। भारत के सबसे अधिक पर्यावरण के प्रति जागरूक राज्यों में से एक के रूप में, सिक्किम ने प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व को प्रदर्शित करते हुए सतत विकास के उल्लेखनीय उदाहरण स्थापित किए हैं। मैं सिक्किम के सभी निवासियों को समृद्धि और खुशहाली से भरे भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं देती हूं।”

उपराष्ट्रपति ने एक्स पोस्ट में कहा, “सिक्किम के स्थापना दिवस पर मैं इस खूबसूरत राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। जैविक खेती, शिक्षा और जमीनी स्तर पर शासन में उल्लेखनीय प्रगति के लिए प्रसिद्ध, सिक्किम शाश्वत परंपरा में निहित अभिनव विकास का उदाहरण है। सिक्किम के लोगों को आने वाले वर्षों में निरंतर शांति, समृद्धि और प्रगति का आशीर्वाद मिले।”

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, “सिक्किम के लोगों को उनके राज्य दिवस पर हार्दिक बधाई। इस वर्ष, यह अवसर और भी खास है, क्योंकि हम सिक्किम के राज्य दिवस की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। सिक्किम शांत सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और मेहनती लोगों से जुड़ा हुआ है। इसने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। इस खूबसूरत राज्य के लोग समृद्ध होते रहें।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here