मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा और बाइक रैली को दिखाई झंडी, सेना के शौर्य को किया नमन

0
277

नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और देश के अमर सपूतों के अद्वितीय शौर्य को नमन करते हुए तिंरगा यात्रा एवं बाइक रैली को तालकटोरा स्टेडियम से झंडी दिखाकर रवाना किया। इसका आयोजन दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने किया।

मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा व बाइक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह रैली हमारे वीर जवानों की साहसिक गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का प्रतीक है। भारतीय सेना की गौरवपूर्ण उपलब्धि हर देशवासी के लिए गर्व का विषय है। देश की सेवा, रक्षा और एकजुटता के लिए हमेशा हमारा खालसा पंत आगे रहा है। आज की तिरंगा यात्रा यही संदेश देने के लिए है कि देश के सिख समाज का हर एक व्यक्ति इस मातृभूमि पर मर मिटने के लिए तैयार खड़ा है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न देशों का दौरा करने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों पर कहा कि यह उचित निर्णय हुआ है और विश्व पटल पर भारत का संदेश जाना बहुत जरूरी है। भारत एकजुट, एकमत है और आतंकवाद हमारे लिए केवल वार्ता का विषय नहीं है। हमारे देश के एक भी व्यक्ति का आतंकवाद के कारण प्राण गंवाना अब भारत को मंजूर नहीं है। अब देश में ऐसी सरकार है जो आतंकवाद को खत्म करने के लिए कुछ भी कर सकती है। ऑपरेशन सिंदूर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत आतंकी ठिकाने को ध्वस्त करने के लिए कहीं भी जा सकता है।

इस मौके पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि हमारी सेना ने शौर्य दिखाया। उनके शौर्य के पराक्रम को आज हम सलाम करते हैं। आज सभी सिख समुदाय के लोगों ने हमारी सेना की शान में यह रैली निकाली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here