बलिया पुलिस का रात भर चला ऑपरेशन ‘लंगड़ा’, दो मुठभेड़ों में दो बदमाश घायल

0
256

बलिया पुलिस ने मंगलवार की माध्यरात्रि के बाद दो अलग-अलग मुठभेड़ों में हत्या का प्रयास करने के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाशों के कई साथी भागने में सफल हो गए।

पहली मुठभेड़ शहर कोतवाली के जगन्नाथ तिराहा पर रात करीब एक बजे चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्तियों को रुकने का इशारा करने पर हुई। मोटरसाइकिल चालक बिना रुके तेजी से मोटर साइकिल लेकर ददरी मेला क्षेत्र की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो जानलेवा फायर कर दिया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। जबकि दो बदमाश मौके से अँधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पूछताछ में पता चला कि घायल बदमाश हल्दी थाना के परसिया निवासी रोहित पाण्डेय 19 मई को बेदुआ निवासी शिवजी गुप्ता पर अवैध असलहे से फायर करने का आरोपित है। एएसपी कृपाशंकर ने बुधवार को सुबह इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मुठभेड में रोहित के दाहिने पैर में गोली लगी है। जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। इसके दो साथी आशुतोष यादव पुत्र श्रीराम यादव निवासी राजपूत नेवरी भृगु आश्रम व आशु यादव पुत्र अज्ञात निवासी जमुआ थाना कोतवाली मौके से भाग निकले। रोहित चन्द्र पाण्डेय के कब्जे से एक तमंचा, एक जिन्दा कारतूस व एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई।

एएसपी कृपाशंकर ने बताया कि दूसरी मुठभेड़ रात करीब दो बजे शहर कोतवाली के माल्देपुर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान हुई। जहां एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर बैठे व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन मोटरसाइकिल चालक माल्देपुर मोड़ से ग्रीन फील्ड की तरफ से भागने लगे। जिसका कोतवाली पुलिस द्वारा पीछा किया गया। मोटरसाइकिल सवार ने अपने को पुलिस से घिरता देख पुलिस पार्टी पर ग्रीन फील्ड के पास जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस पार्टी द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बांये पैर में गोली लगी। जबकि एक बदमाश रोहित वर्मा उर्फ सरल निवासी देवरिया खुर्द थाना फेफना मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पूछताछ में पता चला कि घायल बदमाश मुकेश कुमार सिंह उर्फ अंशु सिंह उर्फ रुद्रा सिंह पुत्र दिलीप सिंह निवासी पियरौटा थाना रेवती ने 21 मई को दवा व्यापारी अरुण गुप्ता को गोली मारी थी। एएसपी ने कहा कि मुठभेड़ में मुकेश के बांये पैर में गोली लगी है। जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुकेश सिंह एक देसी पिस्टल, एक खोखा कारतूस, तीन जिन्दा कारतूस, साढ़े दस हजार रूपये व एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक मुठभेड़ शहर कोतवाल योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में चला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here