भरत अरुण श्रीलंका में चलाएंगे तेज गेंदबाजों के लिए दो हफ्ते का स्पेशल कोचिंग कैंप

0
605

नई दिल्ली, 31 मई (हि.स.)। भारत के पूर्व गेंदबाजी कोच भरत अरुण अब श्रीलंका के शीर्ष क्रिकेटरों को ट्रेनिंग देने वाले भारतीय कोचों की श्रृंखला में नया नाम बन गए हैं। वे 2 जून से शुरू होने वाले 14 दिन के विशेष कोचिंग प्रोग्राम का संचालन करेंगे, जिसका उद्देश्य श्रीलंका के जूनियर और सीनियर स्क्वॉड्स के तेज गेंदबाजों के स्तर को ऊंचा उठाना है।

श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में बताया कि यह प्रोग्राम हाई परफॉर्मेंस सेंटर में आयोजित किया जाएगा और इसका नेतृत्व भरत अरुण करेंगे, जो 2014 से 2021 तक भारतीय पुरुष टीम के गेंदबाजी कोच रह चुके हैं।

पहले भी भारतीय कोचों ने निभाई अहम भूमिका

इससे पहले मई में भारत के पूर्व फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने श्रीलंका में 10 दिन का प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया था। वहीं पिछले साल राजस्थान रॉयल्स के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर जुबिन भरूचा ने भी श्रीलंका में एक शॉर्ट बैटिंग कोचिंग प्रोग्राम का संचालन किया था। ये सभी पहल सनथ जयसूर्या के मुख्य कोच कार्यकाल के दौरान हुई हैं।

भरत अरुण किन-किन टीमों के साथ काम करेंगे?

एसएलसी के मुताबिक भरत अरुण, श्रीलंका की राष्ट्रीय पुरुष और महिला टीम, महिला ‘ए’ टीम, अंडर-19 पुरुष टीम, और हाई परफॉर्मेंस सेंटर के कोचों, क्लब व प्रांतीय कोचों, और कोच-एजुकेटर्स के साथ काम करेंगे। वे रेड-बॉल और व्हाइट-बॉल पुरुष टीमों के साथ अलग-अलग रणनीतिक सेशन, तेज गेंदबाजों के लिए तकनीकी और कौशल आधारित ट्रेनिंग, वीडियो व प्रदर्शन विश्लेषण सत्र, और मैच सिचुएशन आधारित गेम समझ विकसित करने वाली गतिविधियाँ संचालित करेंगे।

श्रीलंका टीम का फिलहाल हल्का शेड्यूल

फिलहाल श्रीलंका पुरुष टीम का इंटरनेशनल शेड्यूल बेहद हल्का है। अगले मई तक उन्हें केवल दो टेस्ट मैच खेलने हैं और वे इस साल होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी क्वालिफाई नहीं कर पाए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here