मुंबई सिटी ने बिपिन सिंह के सम्मान में जर्सी नंबर 29 को रिटायर करने का किया फैसला

0
455

मुंबई, 31 मई (हि.स.)। मुंबई सिटी एफसी ने पुष्टि की है कि विंगर बिपिन सिंह का क्लब के साथ अनुबंध 31 मई 2025 को समाप्त हो गया है और वह अब टीम का हिस्सा नहीं रहेंगे। क्लब ने उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करते हुए उनकी जर्सी नंबर 29 को हमेशा के लिए रिटायर करने का फैसला किया है। मणिपुर से ताल्लुक रखने वाले बिपिन सिंह ने 2018 में शिलॉन्ग लाजोंग और एटीके जैसे क्लबों में खेलकर अनुभव हासिल करने के बाद मुंबई सिटी से जुड़ाव बनाया था। इसके बाद वह क्लब के इतिहास के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक बन गए।

बिपिन ने मुंबई सिटी के साथ रहते हुए दो बार इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) कप और दो बार लीग शील्ड अपने नाम की। उन्होंने क्लब के लिए कई अहम मौकों पर निर्णायक प्रदर्शन किए। बिपिन सिंह 2020-21 के ऐतिहासिक सीजन में टीम के अहम सदस्य थे, जब मुंबई सिटी एफसी आईएसएल इतिहास में पहली बार कप और शील्ड दोनों जीतने वाली टीम बनी। फाइनल में एटीके मोहन बागान के खिलाफ उनका विजयी गोल आईएसएल के इतिहास में सबसे यादगार पलों में गिना जाता है।

बिपिन ने 2023-24 में दूसरा आईएसएल कप भी अपने नाम किया। फाइनल में एक और शानदार गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। 2022-23 में टीम के लीग शील्ड जीतने वाले दल का भी वह हिस्सा रहे।

बिपिन सिंह ने 158 मैचों में 28 गोल किए और इस तरह वह मुंबई सिटी एफसी के इतिहास में सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए।

बिपिन ने भावुक विदाई संदेश में कहा, “अलविदा कहना आसान नहीं है, लेकिन मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं। मुंबई सिटी पिछले सात सालों में मेरा घर रहा है और इस क्लब ने मुझे सब कुछ दिया। फैंस, साथियों, स्टाफ और हर उस व्यक्ति का शुक्रिया जो इस सफर का हिस्सा रहा। मुंबई सिटी हमेशा मेरे दिल में रहेगा।”

मुंबई सिटी के सीईओ कंदर्प चंद्रा ने कहा, “बिपिन का सफर मुंबई सिटी के साथ बेहद खास रहा है। उन्होंने मैदान पर और बाहर दोनों जगह अपना गहरा प्रभाव छोड़ा है। उनका फैनबेस से जुड़ाव और क्लब के लिए उनकी प्रतिबद्धता अतुलनीय रही है। हम उनकी जर्सी नंबर 29 को रिटायर कर उनका सम्मान करते हैं और वह हमेशा मुंबई सिटी परिवार का हिस्सा रहेंगे।”

मुंबई सिटी के फुटबॉल डायरेक्टर सुजय शर्मा ने कहा, “बिपिन हमारे क्लब के सबसे ऐतिहासिक पलों में एक मजबूत स्तंभ रहे हैं। उनके गोल और सकारात्मक टीम भावना ने टीम को कई बार जीत दिलाई। हम उनके योगदान के लिए आभारी हैं और उनके अगले अध्याय के लिए उन्हें और उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हैं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here