थाईलैंड ओपन मुक्केबाजी: दीपक और नमन ने दिलाया स्वर्ण, भारत ने 8 मेडल के साथ किया शानदार समापन

0
517

बैंकॉक, 2 जून (हि.स.)। थाईलैंड ओपन बॉक्सिंग टूर्नामेंट 2025 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल आठ पदक अपने नाम किए। दीपक और नमन तंवर ने स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया, जबकि महिला वर्ग में भी भारतीय बॉक्सर दमदार प्रदर्शन के साथ पदक तालिका में योगदान देती नजर आईं।

दीपक और नमन तंवर ने दिलाया स्वर्ण

पुरुषों की 75 किलोग्राम भारवर्ग में दीपक ने उज्बेकिस्तान के अब्दुरखिमोव जावोखिर को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मुकाबले की शुरुआत में दीपक ने संयम से खेला, लेकिन पहले राउंड के मध्य से ही उन्होंने नियंत्रण बनाना शुरू कर दिया और अंत तक पूरी तरह हावी रहे।

वहीं, 90 किलोग्राम के फाइनल में नमन तंवर ने चीन के हान शुएजेन को 4-1 से मात दी। नमन ने आक्रामक शुरुआत करते हुए पहले दो राउंड में बढ़त बना ली। हालांकि तीसरे राउंड में चीनी बॉक्सर ने वापसी की कोशिश की, लेकिन नमन ने अपने अनुभव से मुकाबले को अपने पक्ष में रखा।

किरण को सिल्वर, पांच महिला बॉक्सर को ब्रॉन्ज

महिलाओं की 80+ किलोग्राम कैटेगरी में किरण को कजाखस्तान की येलदाना तालिपोवा के खिलाफ 2-3 से करीबी हार झेलनी पड़ी और उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा।

इसके अलावा भारत की पांच महिला मुक्केबाज़—तमन्ना (51 किग्रा), प्रिया (57 किग्रा), संजू (60 किग्रा), सनेह (70 किग्रा) और ललफकमावी राल्ते (80 किग्रा)—ने कांस्य पदक हासिल किए।

अंशुल गिल का मेडल विवाद, अयोग्यता घोषित

90+ किलोग्राम कैटेगरी में सेमीफाइनल जीतने के बावजूद भारतीय बॉक्सर अंशुल गिल को पदक से वंचित कर दिया गया। मुकाबले के बाद की एक हरकत पर उज्बेकिस्तान के कोच ने आपत्ति जताई और शिकायत के बाद अंशुल को अयोग्य घोषित कर दिया गया।

भारत का बढ़ता आत्मविश्वास, अगला लक्ष्य वर्ल्ड बॉक्सिंग कप

भारत ने इस टूर्नामेंट में 19 सदस्यीय दल उतारा था, जिसमें से कई मुक्केबाजों ने विश्व स्तरीय खिलाड़ियों को टक्कर दी। इससे पहले ब्राज़ील में हुई वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में भारत ने 1 गोल्ड सहित 6 मेडल जीते थे। अब भारतीय टीम जून के अंत में कज़ाखस्तान में होने वाले वर्ल्ड बॉक्सिंग कप के दूसरे चरण में भाग लेगी, जबकि फाइनल मुकाबले इस साल नई दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे।

इस प्रदर्शन से भारतीय बॉक्सिंग टीम का मनोबल ऊँचा हुआ है और आने वाले टूर्नामेंट्स में देश को और भी पदकों की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here