हमीरपुर के आसमान में दिखा रहस्यमयी ड्रोन, दहशत में ग्रामीण, पुलिस अलर्ट पर

0
434

रहस्यमयी ड्रोन से दहशत

हमीरपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कई गांवों में बीती रात आसमान में रहस्यमयी ड्रोन जैसी वस्तु देखे जाने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने बुधवार रात करीब 11 बजे आसमान में चमकती रोशनी और उड़ती हुई वस्तु देखने का दावा किया। अचानक हुई इस घटना से लोगों में डर और जिज्ञासा दोनों बढ़ गई।

ग्रामीणों के दावे और वीडियो

कुरारा थाना क्षेत्र के रघवा गांव के जयपाल, राजभइया, राजेंद्र पाल, नितिन और प्रधान प्रतिनिधि नेतराम ने इसे अपनी आंखों से देखने की बात कही। झलोखर गांव के रवि सहित सुमेरपुर क्षेत्र के सिमनोडी, पचखुरा बुजुर्ग, सिरौली बुजुर्ग, भौरा, किसवाही और नवीन गल्ला मंडी के ग्रामीणों ने भी इस गतिविधि की पुष्टि की। कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।

भय का माहौल

ग्रामीणों का कहना है कि अंधेरे में उड़ते इस ड्रोन से सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। महिलाओं और बच्चों में खासा भय है। लोग देर रात घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं।

पुलिस का सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि कई गांवों से संदिग्ध ड्रोन दिखने की खबर आई है। सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है और यह जांच की जा रही है कि यह ड्रोन कहां से उड़ाया गया और इसके पीछे कौन है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों से बचने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here