हल्द्वानी तहसील में राजस्व उप निरीक्षकों को आत्महत्या की धमकी, लेखपाल संघ ने जताई नाराजगी

0
177

हल्द्वानी, 30 सितंबर। तहसील हल्द्वानी में कार्यरत राजस्व उप निरीक्षकों पर आत्महत्या की धमकी देकर मानसिक दबाव बनाए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इस पर उत्तराखण्ड लेखपाल संघ, तहसील शाखा हल्द्वानी ने तहसीलदार कुलदीप पांडेय को पत्र भेजकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने और कर्मचारियों के लिए भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।

संघ ने पत्र में कहा है कि लालकुआँ तहसील में हाल ही में हुई आत्महत्या की घटना के बाद, कुछ लोग अपने पक्ष में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आत्महत्या की धमकी देने लगे हैं। 25 सितंबर को राजस्व उप निरीक्षक मीनाक्षी को कमल गरजौला नामक व्यक्ति ने फोन और मौखिक रूप से धमकी दी कि यदि रिपोर्ट उसके पक्ष में नहीं बनी तो वह जहर खा लेगा।

इसी तरह राजस्व उप निरीक्षक अरुण वर्मा को हल्द्वानी तहसील में कार्यरत टंकक हरिदत्त तिवारी ने अपशब्द कहे और व्हाट्सएप पर पत्र भेजकर आत्महत्या करने की धमकी दी। पत्र में जिम्मेदारी अरुण वर्मा और जिला प्रशासन पर डालने की बात कही गई। इस प्रकरण में अरुण वर्मा ने थानाध्यक्ष हल्द्वानी को लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।

लेखपाल संघ ने चेतावनी दी कि आरोपी व्यक्ति तहसील परिसर में लगातार उपस्थित रहता है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है और वे भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं। संघ ने तहसीलदार से अनुरोध किया है कि पुलिस विभाग को कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जाए और तहसील परिसर को भयमुक्त बनाया जाए

यह मामला प्रशासनिक सुशासन और कर्मचारियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीर है। संघ ने स्पष्ट किया कि राजस्व उप निरीक्षकों को किसी भी प्रकार के मानसिक दबाव से मुक्त रहकर निष्पक्ष कार्य करने का वातावरण मिलना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here