मध्य प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों के लिए आयोजित होंगे विशेष कार्यक्रम

0
333

इंदौर, 1 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 2025 मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्य के सभी जिलों में बुजुर्गों के सम्मान और सेवा के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इस वर्ष राज्य में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों का शतायु सम्मान उनके निवास स्थान पर जाकर किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में यह कार्य संबंधित एसडीएम और नगरीय क्षेत्रों में नगर निगम इंदौर द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं, वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को संस्था स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के दौरान बुजुर्गों को शाल, श्रीफल और फूल माला प्रदान की जाएगी।

इंदौर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आस्था वृद्धजन आश्रम, परदेशीपुरा में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में वृद्धजनों के सम्मान के साथ-साथ उनकी सेवा में समर्पित व्यक्तियों का भी सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा इंडोर गेम्स जैसे केरम, लूडो, शतरंज प्रतियोगिता, गीत-संगीत प्रतियोगिता और प्रशंसा पत्र वितरण जैसे कार्यक्रम होंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और जिला अस्पतालों/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण और निःशुल्क दवा वितरण किया जाएगा।

इसके साथ ही जेनरेशन गैप कम करने के लिए महाविद्यालय और विद्यालयीन छात्र-छात्राओं तथा युवाओं के लिए शिक्षा विभाग के माध्यम से विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इस तरह, अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 2025 बुजुर्गों के सम्मान और उनकी भलाई के लिए समर्पित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here