जॉर्डन कॉक्स और एम्मा लैम्ब बने पीसीए प्लेयर ऑफ द ईयर, इंग्लैंड क्रिकेट में रचा इतिहास

0
365

लंदन, 10 अक्टूबर (हि.स.)। इंग्लैंड के क्रिकेटरों जॉर्डन कॉक्स और एम्मा लैम्ब ने इस साल के प्रतिष्ठित पीसीए प्लेयर ऑफ द ईयर 2025 अवॉर्ड्स में क्रमशः पुरुष और महिला श्रेणी में बाजी मारी। दोनों खिलाड़ियों को उनके शानदार घरेलू प्रदर्शन और इंग्लैंड टीम में प्रभावशाली वापसी के लिए यह सम्मान दिया गया।

कॉक्स ने एसेक्स के लिए टी20 में शतक लगाकर और द हंड्रेड में सबसे ज्यादा रन बनाकर यह अवॉर्ड जीता। उन्होंने जो रूट, एड बार्नार्ड और डॉम सिबली को पछाड़ा। कॉक्स ने कहा, “मेरे लिए आयरलैंड के खिलाफ अर्धशतक बनाना सबसे खास पल रहा। अब मेरा लक्ष्य टेस्ट टीम में जगह पक्की करना है।”

दूसरी ओर, एम्मा लैम्ब ने लंकाशायर की मेट्रो बैंक कप जीत में सबसे अधिक रन बनाकर महिला श्रेणी में खिताब अपने नाम किया। उन्होंने नैट स्किवर-ब्रंट, कैथरीन ब्राइस और जॉर्जिया एल्विस को पछाड़ा। लैम्ब ने कहा, “अपने साथियों से यह सम्मान पाना गर्व की बात है।”

यंग प्लेयर कैटेगरी में पुरुषों का अवॉर्ड रेहान अहमद को मिला, जिन्होंने काउंटी चैंपियनशिप में पांच शतक जड़े। महिलाओं में यह अवॉर्ड डाविना पेरीन को मिला, जिन्होंने द हंड्रेड के एलिमिनेटर में 42 गेंदों पर शतक जड़ा।

ग्राहम गूच को उनके खेल योगदान के लिए आउटस्टैंडिंग कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड मिला, जबकि आदिल राशिद और नैट स्किवर-ब्रंट को राडो रिकग्निशन अवॉर्ड से नवाजा गया।

एंड्रयू फ्लिंटॉफ की बीबीसी सीरीज़ फील्ड ऑफ ड्रीम्स को ईसीबी स्पेशल मेरिट अवॉर्ड मिला। अंपायर ऑफ द ईयर में पुरुष वर्ग में इयान ब्लैकवेल और महिला वर्ग में गाबी ब्राउन को सम्मानित किया गया।

पीसीए प्रमुख डैरिल मिशेल ने कहा, “यह क्रिकेट का सबसे प्रतिष्ठित समारोह है, जहां हम पूरे सीजन मेहनत करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान करते हैं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here