दीपावली पर प्रयागराज में कर्नाटक से आए प्लास्टिक के सजावटी फूल, झालर और झूमर बेचने वाले व्यापारी

0
872

प्रयागराज, 13 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली पर्व के अवसर पर प्रयागराज में कर्नाटक से आए व्यापारी प्लास्टिक से बने आकर्षक सजावटी फूल, झालर और झूमर बेच रहे हैं। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों के किनारे दुकानों पर रंग-बिरंगे और सुनहरे डिजाइन के फूल व झालर सजावट के लिए उपलब्ध हैं।

कर्नाटक के शिमोगा जनपद के सदाशिवापुरा निवासी जय कुमार ने बताया कि गणपति महोत्सव के दौरान घर की महिलाएं और पुरुष बैंगलोर में तैयार किए गए प्लास्टिक के फूलों और झालरों से सजावटी लड़ी तैयार करते हैं। दीपावली से लगभग 15 दिन पहले यह माल देश के विभिन्न शहरों और जिलों में बिक्री के लिए भेजा जाता है।

प्रयागराज में इस बार 34 पुरुष और महिलाएं एक साथ ट्रक में अपना माल लेकर आए हैं। ये व्यापारी शहर के चौराहों के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी अपने उत्पाद बेच रहे हैं। दीपावली की शाम तक उनका व्यापार पूरा होने के बाद वे अपने गांव लौट जाएंगे।

जय कुमार ने बताया कि इस कारोबार से उनके परिवार का सालभर का खर्च चलता है और यह कार्य उनके लिए जीविका का मुख्य स्रोत है। दीपावली के मौसम में शहरवासियों की सजावट की जरूरत पूरी करने के साथ-साथ यह व्यापार ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी सहायक साबित हो रहा है।

इस प्रकार, कर्नाटक से आए व्यापारी न केवल प्रयागराज में दीपावली सजावट का रंग बढ़ा रहे हैं, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रोजगार व व्यापार के अवसर भी पैदा कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here