मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश और ठंडक, 15 जिलों में अलर्ट

0
295

भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बूंदाबांदी का दौर जारी है। आज बुधवार को अलीराजपुर, धार, बड़वानी, इंदौर, खरगोन, देवास, खंडवा, हरदा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश, गरज-चमक और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

मौसम का कारण

दक्षिण-पूर्व अरब सागर में सक्रिय निम्न दवाब क्षेत्र का असर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में दिखाई दे रहा है। यह अगले 24 घंटों में और एक्टिव हो सकता है। चक्रवात की हल्की सक्रियता के कारण बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ ठंडी रातें भी महसूस की जा रही हैं।

तापमान की जानकारी

रात और सुबह ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि दिन में धूप का असर बना रहेगा। सोमवार-मंगलवार की रातों में तापमान रिकॉर्ड इस प्रकार रहा:

  • भोपाल: 17.2°C
  • इंदौर: 18.6°C
  • ग्वालियर/उज्जैन: 19.5°C
  • जबलपुर: 21°C
  • राजगढ़: 15.4°C

दूसरे जिलों जैसे दतिया, धार, गुना, खंडवा, खरगोन, पचमढ़ी, रतलाम, शिवपुरी, नौगांव और टीकमगढ़ में भी तापमान 20°C से कम रहा।

आगे का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक दक्षिणी और मध्य जिलों में बूंदाबांदी और हल्की ठंडक जारी रह सकती है। नवंबर के दूसरे सप्ताह से तेज ठंड का दौर शुरू होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here