प्राविधिक शिक्षा में अनुसंधान और नवाचार को मिले बढ़ावा : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

0
220

प्राविधिक शिक्षा में अनुसंधान और नवाचार को मिले बढ़ावा : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

लखनऊ, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में सोमवार को राजभवन, लखनऊ में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (ए.के.टी.यू.) और प्राविधिक शिक्षा विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में राज्यपाल ने कहा कि प्राविधिक शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास होने चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और अनुसंधान वातावरण को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।

राज्यपाल ने निर्देश दिए कि ए.के.टी.यू. के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग और इनक्यूबेशन सेंटरों से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन देने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों और विद्यार्थियों को अग्रिम राशि के रूप में सहायता दी जानी चाहिए।

बैठक में प्राविधिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने राज्यपाल को एनएएसी, एनबीए, एनआईआरएफ रैंकिंग, संबद्धता प्रक्रिया के सरलीकरण, नए फार्मेसी संस्थानों की स्थापना और रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी।

राज्यपाल ने कहा कि अनुसंधान के साथ-साथ छात्रों के नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए विश्वविद्यालयों में रिसर्च एंड डेवलपमेंट इकोसिस्टम को मजबूत बनाया जाए।

बैठक में विशेष कार्याधिकारी राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर एम. बोबडे, अपर मुख्य सचिव नरेन्द्र भूषण, कुलपति प्रो. जे.पी. पाण्डेय, तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here