झुंझुनू में तीन साल से फरार चेक बाउंस आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

0
282

झुंझुनू में चेक बाउंस का आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

झुंझुनू, 27 अक्टूबर (हि.स.)। झुंझुनू कोतवाली पुलिस ने सोमवार को एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया जो पिछले तीन साल से चेक बाउंस और धोखाधड़ी के मामलों में फरार चल रहा था। आरोपी की पहचान विमल कुमार रॉयल उर्फ विमलेश कुमार पुत्र जयनारायण निवासी भटिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है।

कोतवाली थानाधिकारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ न्यायालय एसीजेएम झुंझुनू द्वारा दो स्थायी वारंट जारी किए गए थे। पुलिस की विशेष टीम लंबे समय से उसकी तलाश में थी और लगातार विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही थी।

जयपुर में छिपा मिला आरोपी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जयपुर के करणी विहार इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही शब्बीर अली के नेतृत्व वाली टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में लिया। बाद में तस्दीक करने पर आरोपी की पहचान पक्की हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कई ठिकानों पर दी गई थी दबिश

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में झुंझुनू, जयनारायण व्यास कॉलोनी बीकानेर, भटिंडा (पंजाब) और जयपुर के कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी थी। आरोपी पहले स्टार यूनाइटेड केजड़ीवाल कॉम्पलेक्स, भटिंडा में प्रबंधक के रूप में कार्यरत था और उसका एक पता क्रय विक्रय सहकारी समिति, रोड नंबर एक, झुंझुनू भी बताया गया है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इतने समय से कहां-कहां छिपा रहा और क्या किसी अन्य मामले में भी संलिप्त है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here