लियोनेल मेसी बने एमएलएस के सबसे अधिक कमाई करने वाले खिलाड़ी, सोन ह्युंग-मिन दूसरे स्थान पर

0
420

मेसी फिर साबित हुए एमएलएस के सबसे महंगे खिलाड़ी

लॉस एंजिल्स, 30 अक्टूबर (हि.स.)।
इंटर मियामी के आठ बार के बैलन डी’ओर विजेता लियोनेल मेसी एक बार फिर मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) के सबसे अधिक वेतन पाने वाले फुटबॉलर बने हुए हैं। बुधवार को जारी ताज़ा वेतन सूची में मेसी को सालाना 20.4 मिलियन डॉलर (लगभग 170 करोड़ रुपये) की गारंटीशुदा राशि दी जा रही है।

यह राशि केवल वेतन की है, इसमें स्पॉन्सरशिप और अन्य करारों से मिलने वाली कमाई शामिल नहीं है। मेसी का मौजूदा अनुबंध दिसंबर में समाप्त होगा और अगले साल वे तीन साल के नए करार की शुरुआत करेंगे।

सोन ह्युंग-मिन दूसरे स्थान पर

लॉस एंजिलिस एफसी (एलएएफसी) के सोन ह्युंग-मिन को सालाना 11.1 मिलियन डॉलर मिलते हैं। टोटनहम हॉटस्पर के पूर्व कप्तान सोन को इस साल अगस्त में एमएलएस इतिहास के सबसे महंगे ट्रांसफर (26 मिलियन डॉलर) के तहत साइन किया गया था। उन्होंने अब तक 10 मैचों में 9 गोल दागे हैं और एलएएफसी को प्लेऑफ़ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

बुस्केट्स, अल्मिरोन और लोज़ानो टॉप 5 में

तीसरे स्थान पर सर्जियो बुस्केट्स (8.7 मिलियन डॉलर) हैं, जो इस सीज़न के अंत में संन्यास लेंगे। चौथे स्थान पर मिगेल अल्मिरोन (7.8 मिलियन डॉलर) और पांचवें पर हिर्विंग “चक्की” लोज़ानो (7.6 मिलियन डॉलर) हैं। दोनों खिलाड़ियों ने इस सीज़न क्रमशः अटलांटा यूनाइटेड और सैन डिएगो एफसी से जुड़कर शानदार प्रदर्शन किया है।

मेसी की फॉर्म बरकरार

38 वर्षीय मेसी इस सीज़न में भी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 28 मैचों में 29 गोल दागे हैं और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) पुरस्कार के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here