जबलपुर में संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक शुरू — 46 प्रांतों के पदाधिकारी पहुंचे!

0
274

जबलपुर में संघ की अखिल भारतीय बैठक की शुरुआत

मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक की शुरुआत हो गई है। यह बैठक 01 नवंबर तक चलेगी, जिसमें संघ के शीर्ष पदाधिकारी आगामी कार्यक्रमों और शताब्दी वर्ष के अभियानों पर मंथन करेंगे।

सरसंघचालक समेत देशभर से 407 प्रतिनिधि पहुंचे

जबलपुर के विजन नगर स्थित कचनार सिटी क्लब में सुबह 9 बजे सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की उपस्थिति में बैठक का शुभारंभ हुआ। उनके साथ सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सह-सरकार्यवाह, अखिल भारतीय अधिकारी, क्षेत्रीय और प्रांतीय स्तर के कार्यवाह भी उपस्थित हैं। कुल 46 प्रांतों से 407 कार्यकर्ता इस बैठक में शामिल हुए हैं।

श्रद्धांजलि से हुई बैठक की शुरुआत

बैठक की शुरुआत में देशभर की 207 प्रमुख हस्तियों को श्रद्धांजलि दी गई, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और फिल्म अभिनेता असरानी शामिल हैं।

आगामी योजनाओं पर चर्चा

संघ के सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार ने बताया कि बैठक में शताब्दी वर्ष के अभियानों, राष्ट्रीय व सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके साथ ही गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस और बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को भी विशेष रूप से याद किया जाएगा।

तीन दिन तक चलेगा विचार-विमर्श

यह पहली बार है जब जबलपुर में संघ की इतनी बड़ी राष्ट्रीय बैठक आयोजित हो रही है। 01 नवंबर तक चलने वाली इस बैठक में संघ के भविष्य की दिशा और सामाजिक दायित्वों पर गहन मंथन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here