डब्ल्यूटीए फाइनल्स: आर्यना सबालेंका ने कोको गॉफ को हराया, सेमीफाइनल में पहुंचीं

0
360

रियाद, 7 नवंबर (हि.स.)। विश्व नंबर-1 आर्यना सबालेंका ने धीमी शुरुआत के बावजूद शानदार वापसी करते हुए मौजूदा चैंपियन कोको गॉफ को 7-6(5), 6-2 से हराया और सीज़न-एंडिंग डब्ल्यूटीए फाइनल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के साथ ही सबालेंका ने अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला के लिए भी अंतिम-चार में जगह सुनिश्चित कर दी।

तीन साल पहले इस टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंच चुकी बेलारूस की सबालेंका इस बार अपने करियर का पहला डब्ल्यूटीए फाइनल्स खिताब जीतने की कोशिश में हैं। उन्होंने स्टेफी ग्राफ ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया है। अब सेमीफाइनल में उनका मुकाबला अमेरिकी खिलाड़ी अमांडा अनीसिमोवा से होगा, जो यूएस ओपन फाइनल की पुनरावृत्ति साबित होगी।

वहीं, दूसरी ओर अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला का सामना कज़ाखिस्तान की फॉर्म में चल रहीं एलेना राइबाकिना से होगा, जिन्होंने सेरेना विलियम्स ग्रुप से शीर्ष स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।

मैच का रोमांच
गॉफ ने शुरुआती सेट में आक्रामक रिटर्न गेम खेलते हुए 4-2 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, सबालेंका ने ब्रेक प्वाइंट बचाकर शानदार वापसी की और 5-5 पर स्कोर बराबर किया। पहले सेट के टाईब्रेक में उन्होंने जबरदस्त फाइट दिखाते हुए बढ़त बनाई और फिर दूसरे सेट में 4-0 की बढ़त लेकर मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here