जयशंकर–लावरोव की बड़ी बैठक, भारत-रूस शिखर सम्मेलन की तैयारियां तेज!

0
328

जयशंकर और लावरोव ने भारत-रूस शिखर सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की

मास्को, 18 नवंबर। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को रूस के अपने तीन-दिवसीय दौरे की शुरुआत की। मास्को पहुंचते ही उन्होंने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने आगामी भारत-रूस शिखर सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की।

जयशंकर ने एक्स पर लिखा कि बैठक के दौरान व्यापार, निवेश, ऊर्जा, गतिशीलता, कृषि, तकनीक, संस्कृति और लोगों-के-बीच आदान-प्रदान जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय, वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी गहन विचार-विमर्श किया।

पुतिन की भारत यात्रा पर भी चर्चा

रूसी समाचार एजेंसी ‘तास’ के अनुसार, बैठक में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की नई दिल्ली यात्रा की तैयारियों पर भी बात हुई। पुतिन के 5 दिसंबर के आसपास भारत पहुंचने की संभावना है। वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वार्षिक शिखर वार्ता करेंगे। पुतिन आखिरी बार 2021 में भारत आए थे।

एससीओ बैठक में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

जयशंकर मंगलवार को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की राष्ट्राध्यक्ष परिषद की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रपति पुतिन के भी इस बैठक को संबोधित करने की उम्मीद है।

रूस में दो नए भारतीय वाणिज्य दूतावास

अपने दौरे के दौरान जयशंकर बुधवार को कजान और एकातेरिनबर्ग में दो नए भारतीय वाणिज्य दूतावासों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन करेंगे। रूस में पहले से ही सेंट पीटर्सबर्ग और व्लादिवोस्तोक में भारतीय दूतावास कार्यरत हैं।

मास्को पहुंचने पर भारतीय राजदूत विनय कुमार और रूसी विदेश मंत्रालय के अधिकारी एलेक्सी पावलोवस्की ने जयशंकर का स्वागत किया। यह यात्रा बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत-रूस संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here