कोहरे में लिपटी दिल्ली की सुबह, दृश्यता घटी; इंडिगो ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी

0
346

नई दिल्ली, 15 दिसंबर (हि.स.)।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर के इलाके सोमवार सुबह घने कोहरे और स्मॉग की चपेट में रहे। दृश्यता बेहद कम होने से जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) कई स्थानों पर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के सरदार पटेल मार्ग पर AQI 483, पंडित पंत मार्ग पर 417, बाराखंबा रोड पर 474 और अक्षरधाम क्षेत्र में 493 रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोनीपत की हवा भी गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। रविवार को भी दिल्ली देश के सबसे प्रदूषित शहरों में तीसरे स्थान पर रही थी।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को पश्चिमी दिशा से करीब 5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली, जबकि अधिकतम मिक्सिंग हाइट 800 मीटर रही। पूर्वानुमान है कि सोमवार से मंगलवार के बीच हवा बेहद खराब श्रेणी तक पहुंच सकती है।

स्थिति को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का चौथा चरण लागू है। इसके तहत दिल्ली सरकार ने नौवीं और 11वीं तक की कक्षाओं को हाइब्रिड मोड में संचालित करने के निर्देश दिए हैं और नागरिकों से सभी प्रतिबंधों का पालन करने की अपील की है।

✈️ इंडिगो की यात्रियों को सलाह

घटी हुई दृश्यता के चलते इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा कि कोहरे के कारण एयरपोर्ट के आसपास दृश्यता कम है, जिससे उड़ानों के संचालन में देरी हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें, क्योंकि सड़कों पर भी ट्रैफिक धीमा हो सकता है।

❄️ देश के अन्य हिस्सों में भी ठंड का असर

दिसंबर के मध्य में ठंड ने पूरे उत्तर भारत समेत कई राज्यों में असर बढ़ा दिया है। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और शीत लहर का प्रकोप जारी है। पहली बार विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here