मध्य प्रदेश में बढ़ी ठंड की मार, 14 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, ग्वालियर-चंबल सबसे ज्यादा प्रभावित

0
290

मध्य प्रदेश में सर्दी के साथ कोहरे का कहर

मध्य प्रदेश में ठंड के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। कड़ाके की सर्दी के बीच अब प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने लगा है। मौसम विभाग ने सोमवार को ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर और रीवा संभाग के 14 जिलों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इनमें ग्वालियर-चंबल अंचल सबसे ज्यादा प्रभावित रहने की संभावना जताई गई है, जहां दृश्यता बेहद कम हो सकती है।

इन जिलों में कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में सोमवार को घना कोहरा छा सकता है। रविवार को भी प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कोहरे का व्यापक असर देखा गया था।

17 दिसंबर से और बढ़ेगी ठंड

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 17 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके असर से अगले दो-तीन दिनों में मध्य प्रदेश में ठंड की तीव्रता और बढ़ने की संभावना है।

पचमढ़ी सबसे ठंडा

प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी एक बार फिर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में पारा 6.4 डिग्री, भोपाल में 7 डिग्री, जबलपुर में 9.4 डिग्री और ग्वालियर व उज्जैन में 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
अन्य ठंडे इलाकों में राजगढ़-कल्याणपुर (5.6°C), शाजापुर (6.1°C), मंदसौर (6.7°C) और रीवा-उमरिया (7.2°C) शामिल रहे।

जेट स्ट्रीम बना ठंड की वजह

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय जेट स्ट्रीम का असर मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है। यह जेट स्ट्रीम करीब 12.6 किलोमीटर ऊंचाई पर 176 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही है, जिससे प्रदेश में ठंड और कोहरे की स्थिति बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here