दिसंबर में शिमला की रातें गर्म, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के पार, निचले इलाकों में कोहरे का असर

0
301

दिसंबर में शिमला की रातें गर्म, पारा 11 डिग्री के पार, निचले इलाकों में कोहरे की मार

शिमला। दिसंबर माह के मध्य में हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। आमतौर पर इस समय शिमला की रातें सर्द और तापमान सिंगल डिजिट में रहता है, लेकिन इस बार दिसंबर में पहली बार न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक है। तापमान में इस असामान्य बढ़ोतरी से ठंड की धार काफी हद तक कमजोर पड़ गई है।

हालांकि प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड अब भी जारी है और कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है।

कुकुमसेरी रहा सबसे ठंडा स्थान

लाहौल-स्पीति जिले का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा ताबो में माइनस 3.0, कल्पा में 1.8, मनाली में 4.5, भुंतर में 2.8 और केलांग क्षेत्र में तापमान शून्य के आसपास बना रहा।

शिमला से जुड़े अन्य क्षेत्रों में जुब्बड़हट्टी में 10.4, कुफरी में 9.7 और नारकंडा में 6.5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

निचले इलाकों में घना कोहरा बना परेशानी

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन मैदानी और निचले पहाड़ी इलाकों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।
बिलासपुर में दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई, जबकि मंडी में मध्यम कोहरा छाया रहा और दृश्यता लगभग 200 मीटर दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बिलासपुर और मंडी सहित निचले इलाकों में सुबह और देर रात घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

20-21 दिसंबर को बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं 20 और 21 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ऊंचाई वाले और जनजातीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। इससे तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है।

22 दिसंबर से मौसम के फिर साफ होने के आसार जताए गए हैं। शिमला, कुफरी और मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर सीजन की पहली बर्फबारी का इंतजार किया जा रहा है, जहां आमतौर पर दिसंबर में बर्फ गिरती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here