सेवा भारती का श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह 22 फरवरी 2026 को, पंजीयन शुरू

0
316

सेवा भारती : श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह 22 फरवरी 2026 को

जोधपुर। सेवा भारती जोधपुर द्वारा आयोजित श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह वर्ष 2026 में 22 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। इस भव्य सामाजिक आयोजन को लेकर पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों से बड़ी संख्या में इच्छुक परिवार पंजीयन करा रहे हैं।

आयोजन समिति के महासचिव वरुण धनाडिया ने बताया कि यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता को मजबूत करने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सर्वजातीय सहभागिता है, जो समाज में एकता, समानता और भाईचारे का संदेश देती है।

सरल पंजीयन प्रक्रिया, व्यापक सामाजिक सहयोग

सेवा भारती महानगर अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि पंजीयन प्रक्रिया को अत्यंत सरल रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार इस सेवा का लाभ उठा सकें। आयोजन को लेकर सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों और स्वयंसेवकों का व्यापक सहयोग प्राप्त हो रहा है।

पंजीयन सेवा भारती–सेवाधाम छात्रावास कार्यालय (अशोक उद्यान के सामने) में प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जा रहा है।

पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज

वर-वधू के पंजीयन हेतु निम्नलिखित दस्तावेज अनिवार्य हैं—

  • वर एवं वधू का आधार कार्ड
  • वर एवं वधू का जन आधार कार्ड
  • जन्म प्रमाण पत्र
  • मूल निवास प्रमाण पत्र
  • वर एवं वधू के पासपोर्ट साइज फोटो
  • माता-पिता के आधार कार्ड
  • गवाह का आधार कार्ड
  • अन्य आवश्यक दस्तावेज

बैठक में समिति पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर आयोजित बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष अशोक गहलोत, मंत्री मोहन करवा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here