शिमला में दिनदहाड़े महिला से छीना-झपटी की कोशिश, साहस से आरोपी पकड़ा गया

0
286

शिमला में महिला से छीना-झपटी का प्रयास, महिला घायल, आरोपी गिरफ्तार

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कोटखाई क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े महिला से छीना-झपटी के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला की बहादुरी और स्थानीय लोगों की तत्परता से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना में महिला घायल हो गई, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।

बेटे से मिलने आई थी महिला

पुलिस के अनुसार, पीड़िता पुनी कला कदायत उर्फ पूनम, पत्नी श्वेन कदायत, मूल निवासी नेपाल हैं और वर्तमान में मजदूरी का कार्य करती हैं। वह अपने बेटे से मिलने के लिए शुफ़टी कुफर बाग क्षेत्र आई हुई थीं। मंगलवार दोपहर जब वह खलटू नाला इलाके में थीं, तभी एक युवक ने उनके बैग और गले में पहनी सोने की तिलहरी छीनने का प्रयास किया।

विरोध करने पर महिला को काटा

महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। खुद को छुड़ाने के लिए आरोपी युवक ने महिला के दोनों गालों और छाती पर दांत से काट लिया, जिससे वह घायल हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबोच लिया।

रस्सी से बांधकर पुलिस को दी सूचना

स्थानीय लोगों ने आरोपी को रेलिंग से रस्सी से बांध दिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस थाना कोटखाई की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2) और 304 के तहत केस दर्ज किया है। यह मामला अरुण कुमार, निवासी भदन्त, डा साया चपरों, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here