जौनपुर: पुलिस मुठभेड़ में दो गौ-तस्कर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

0
280

पुलिस मुठभेड़ में दो गौ-तस्कर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

जौनपुर, 18 दिसंबर (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार तड़के खुटहन पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर गौ-तस्कर के पैर में गोली लगी, जबकि उसके एक साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत कुमार सिंह ने बताया कि 17 दिसंबर की रात थाना खुटहन प्रभारी चंदन कुमार राय पुलिस व क्राइम टीम के साथ मरहट पुलिया पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गभिरन की ओर से एक बिना नंबर प्लेट की कार पुलिया की तरफ आ रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। कार रुकवाने का प्रयास करने पर उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रोहित यादव नामक बदमाश के पैर में गोली लग गई।

घायल और गिरफ्तार आरोपी की पहचान

घायल बदमाश की पहचान रोहित यादव पुत्र रामधारी यादव, निवासी घुघुरी सुल्तानपुर, थाना सरपतहां, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी साजिद पुत्र अबरार अहमद, निवासी पटैला, थाना खुटहन को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

घायल अभियुक्त को पहले सीएचसी खुटहन ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

हथियार और वाहन बरामद

पुलिस ने मौके से

  • बिना नंबर प्लेट की सफेद स्वीफ्ट कार
  • एक देशी तमंचा
  • दो खोखा कारतूस
  • ₹950 नकद
    बरामद किए हैं।

लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त रोहित यादव के खिलाफ विभिन्न जनपदों में गौ-तस्करी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार अभियुक्त साजिद के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here