ठियोग में 13.5 ग्राम चिट्टा के साथ तस्कर गिरफ्तार, नए साल में 36 नशा सौदागर पकड़े गए

0
356

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 13.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिससे इलाके में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।

बुधवार शाम पुलिस थाना ठियोग को गुप्त सूचना मिली थी कि कोटखाई निवासी अभिलाष नंगल देवी से पैदल ठियोग की ओर आ रहा है और उसके पास नशीला पदार्थ है। सूचना पर एएसआई रंजय सिंह की टीम ने राही घाट बाइपास (जीरो प्वाइंट) पर नाकाबंदी की।

करीब सवा सात बजे एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम अभिलाष पुत्र राजनिश, निवासी सहडोली, डाकघर कोकुनाला, तहसील कोटखाई बताया। वह गुप्त सूचना में बताए गए हुलिए से मेल खा रहा था।

कुछ देर बाद मौके पर एसडीपीओ ठियोग सिद्धार्थ शर्मा पहुंचे और उनके निर्देश पर आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पारदर्शी पॉलिथीन बरामद हुई, जिसमें हल्के भूरे रंग का गांठनुमा पदार्थ था। जांच में यह चिट्टा (हेरोइन) पाया गया, जिसका वजन 13.500 ग्राम निकला।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है।

एसएसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि नए साल के केवल 15 दिनों में जिले में 36 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से करीब 90 प्रतिशत मामले चिट्टा से जुड़े हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here